Follow Us:

वाण गंगा घाट विस्तार के लिए उप मुख्यमंत्री से मिले सुरेंदर काकू

वाण गंगा घाट विस्तार के लिए अतिरिक्त बजट की मांग
कांगड़ा विधानसभा की सिंचाई व पेयजल योजनाओं पर जोर
तैयार सड़कों पर एचआरटीसी बसें चलाने का आश्वासन


कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों को लेकर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव चौधरी सुरेंदर काकू ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात कर कई अहम मांगें रखीं। इस दौरान वाण गंगा घाट के विस्तार के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाने की विशेष मांग की गई, ताकि घाट का समुचित विकास किया जा सके और श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

पूर्व मुख्य संसदीय सचिव चौधरी सुरेंदर काकू ने उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल से जुड़ी कई योजनाएं उनके द्वारा तैयार की गई हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट को दूर करना और किसानों को राहत देना है। उन्होंने इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिक बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान सड़क परिवहन व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। चौधरी सुरेंदर काकू ने बताया कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में गांवों के भीतर तक सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद एचआरटीसी की बस सेवाएं अभी तक शुरू नहीं हो पाई हैं, जिससे आम जनता को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए तैयार सड़कों पर एचआरटीसी बसें चलाने का आश्वासन दिया। साथ ही वाण गंगा घाट के विस्तार के लिए धन उपलब्ध करवाने की मांग पर भी विचार करने का भरोसा दिलाया। बैठक को कांगड़ा क्षेत्र के लिए विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।