Follow Us:

आईजीएमसी में हुई घटना की पुनः जांच के लिए नई समिति गठित

➤ आईजीएमसी में हुई घटना की पुनः जांच के लिए नई समिति गठित
➤ मरीजों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: मुख्यमंत्री
➤ डॉक्टरों के लिए ह्यूमन बिहेवियर व मैन-मैनेजमेंट कोर्स होंगे अनिवार्य


मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए आईजीएमसी में हुई हालिया घटना की पुनः जांच के लिए नई समिति गठित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, लेकिन मरीजों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने चिकित्सा क्षेत्र में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए चिकित्सकों के लिए अनिवार्य ह्यूमन बिहेवियर और मैन-मैनेजमेंट कोर्स शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार इस बात पर भी विचार कर रही है कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने वाले चिकित्सकों को उनकी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) में अंक दिए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई मरीज या तीमारदार चिकित्सकों के साथ दुर्व्यवहार करता है तो संबंधित चिकित्सक को इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को कम करने के लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पद प्राथमिकता के आधार पर भरे जा रहे हैं। अब तक सैकड़ों पद भरे जा चुके हैं और आगे भी भर्तियां जारी रहेंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि उच्च शिक्षित एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों को सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, स्वास्थ्य सचिव संदीप कदम, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. राकेश शर्मा, स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. गोपाल बेरी, विशेष सचिव डॉ. अश्वनी शर्मा, जितेंद्र सांजटा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।