Follow Us:

बच्चों में ही देश और प्रदेश का भविष्य निहित है: जयराम ठाकुर

➤ दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल सुनेहत के वार्षिक उत्सव में बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
➤ जयराम ठाकुर बोले—प्रतिभाएं क्षेत्र और संसाधनों की मोहताज नहीं होती
➤ अटल स्मृति वर्ष कार्यक्रम और देहरा विधानसभा संयुक्त मोर्चा बैठक में भी की शिरकत


हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने देहरा स्थित दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल सुनेहत के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समूचे वातावरण को उल्लास और ऊर्जा से भर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास, अनुशासन और बौद्धिक क्षमता को उजागर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि बच्चों में ही देश और प्रदेश का भविष्य निहित है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या सुविधा की मोहताज नहीं होती, ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपार प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास के महत्व को बताते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया।

नेता प्रतिपक्ष ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का विकास बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसके पश्चात अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर जयराम ठाकुर ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और अटल टनल जैसे कार्यों ने हिमाचल प्रदेश की तस्वीर बदल दी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद देहरा विधानसभा संयुक्त मोर्चा परिचय बैठक में उन्होंने संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और जनसेवा के विषयों पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए निष्ठा और समर्पण से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।