Follow Us:

शिमला बायपास टनल-4 के दोनों सिरे जुड़े, NHAI ने 9 महीने में पूरा किया 410 मीटर का टनल कार्य

शिमला बायपास टनल-4 के दोनों सिरे आपस में जुड़े
9 महीने में 410 मीटर लंबी सुरंग का कार्य पूरा
टनल-5 के बाद एक सप्ताह में दूसरी बड़ी उपलब्धि


शिमला। शिमला बायपास परियोजना में NHAI को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। साल के अंतिम दिन 31 दिसंबर को टनल-4 के दोनों सिरे आपस में मिल गए, जिससे परियोजना के निर्माण कार्य को तेजी मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि इससे पहले 23 दिसंबर को ही टनल-5 के दोनों सिरे आपस में जोड़े गए थे। इसी कड़ी में अब टनल-4 का ब्रेकथ्रू भी सफलतापूर्वक पूरा हो गया है, जिसे रिकॉर्ड समय में अंजाम दिया गया।

टनल-4 की कुल लंबाई 410 मीटर है और इसका निर्माण कार्य मात्र 9 महीनों में पूरा किया गया। इस सुरंग का निर्माण NATM (New Austrian Tunneling Method) तकनीक से किया गया है, जिसे वर्तमान समय में सबसे प्रभावी टनलिंग तकनीक माना जाता है।

टनल के दोनों सिरे मिलने के दौरान NHAI PIU शिमला के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद कुमार, भारत कंस्ट्रक्शन के एमडी राजीव गर्ग सहित फील्ड स्टाफ और इंजीनियरिंग टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने इसे परियोजना की बड़ी तकनीकी उपलब्धि बताया।

27.457 किलोमीटर लंबी शिमला बायपास परियोजना, चंडीगढ़–शिमला कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस परियोजना में कुल पांच सुरंगें शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रा समय कम करना और शहर के ट्रैफिक दबाव को घटाना है।

शिमला बायपास के पूरा होने से शिमला (ढली) तक पहुंचने का समय लगभग एक घंटे कम हो जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय लोगों को राहत और सेब सीजन के दौरान बागवानों को मंडियों तक फसल पहुंचाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।