Follow Us:

स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी गीता देवी शर्मा का 102 वर्ष की आयु में निधन, बैंड-बाजे के साथ हुआ अंतिम संस्कार

➤ द्वितीय विश्व युद्ध में जापान की जेल यातनाएं झेल चुके स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी का निधन
➤ हिंदू रीति-रिवाज, मंत्रोच्चारण और पूरे सम्मान के साथ संपन्न हुआ अंतिम संस्कार
➤ सैकड़ों लोगों ने अंतिम यात्रा में होकर दी श्रद्धांजलि


स्वतंत्रता सेनानी प्रेम दास शर्मा की पत्नी गीता देवी शर्मा का 102 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया गया कि नववर्ष की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने पालमपुर के पैतृक गांव सुलह में अंतिम सांस ली।

गीता देवी शर्मा ने अपने जीवनकाल में तीन पीढ़ियों को सामाजिक सरोकारों, राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के लिए प्रेरित किया। उनके निधन पर हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मंत्रोच्चारण, पूरे सम्मान और बैंड-बाजे के साथ अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। शुक्रवार को पालमपुर के सुलह स्थित मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम शव यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। ज्येष्ठ पुत्र राजकुमार शर्मा ने अपने चार भाइयों संतोष, रमेश, अनिल और सुनील शर्मा के साथ मां की अर्थी को कंधा दिया तथा मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं।

गीता देवी शर्मा के निधन पर विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज जम्वाल, जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य मेघना ठाकुर, अपनत्व सेवा समिति अध्यक्ष हरीश बहल, सनातन धर्मसभा मंदिर समिति अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा, व्यापार मंडल जोगेंद्रनगर अध्यक्ष भास्कर गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता ओम मरवाह, अशोक सूद, विजय बावा, रोटेरियन रामलाल वालिया, अजय ठाकुर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया और परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।