Follow Us:

हिमाचल में प्रशासनिक फेरबदल: 5 HAS अधिकारियों के तबादले, अनिल बने बिजली नियामक आयोग के सचिव

➤ 2017 बैच के अनिल कुमार शर्मा को बिजली नियामक आयोग शिमला में सचिव नियुक्ति
➤ रिकांगपिओ, धर्मशाला, अर्की और फतेहपुर में नए अधिकारियों की तैनाती
➤ जगदीप सिंह को कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश



हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) के पांच अधिकारियों के तबादला और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश मुख्य सचिव संजय गुप्ता की ओर से जारी किए गए हैं।

सरकार ने 2017 बैच के HAS अधिकारी अनिल कुमार शर्मा को हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत नियामक आयोग, शिमला में सचिव के पद पर नियुक्त किया है। उनके कार्यभार संभालने के बाद सुनील वर्मा को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा।

2022 बैच के अधिकारी केशव राम को कांगड़ा जिले के फतेहपुर स्थित ब्यास डैम प्रोजेक्ट में भूमि अधिग्रहण अधिकारी लगाया गया है। वहीं विपिन कुमार को किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में सहायक आयुक्त के पद पर तैनाती दी गई है।

इसके अलावा पूजा अधिकारी को सोलन जिले के अर्की में सहायक सेटलमेंट अधिकारी नियुक्त किया गया है।

2025 बैच के HAS अधिकारी विवेक कुमार को कांगड़ा जिले के धर्मशाला में सहायक आयुक्त के रूप में तैनात किया गया है। यहां कार्यरत जगदीप सिंह को कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।