➤ RDG समाप्ति को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया, रविवार को कैबिनेट में चर्चा
➤ 435 सड़कें बंद, खोलने का काम जारी: लोक निर्माण मंत्री
➤ यू-शेप की जगह वी-शेप नालियां, नई ड्रेनेज पॉलिसी डीपीआर में शामिल
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) को राजनीतिक दृष्टि से समाप्त किया गया है तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर रविवार को कैबिनेट बैठक में विस्तृत चर्चा की जाएगी। उनके अनुसार हिमाचल को बजट से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन राज्य का उल्लेख नहीं हुआ और आजादी के बाद से मिल रही RDG भी समाप्त कर दी गई।
विक्रमादित्य ने कहा कि यह विषय दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हिमाचल के हित से जुड़ा है और केंद्र के समक्ष सामूहिक रूप से रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग RDG बंद होने से चिंतित हैं।
साथ ही, प्रदेश में सड़कों की स्थिति पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के तहत आने वाली 435 सड़कें फिलहाल बंद हैं, जिन्हें खोलने का कार्य जारी है। सड़कों को बार-बार होने वाले नुकसान से बचाने के लिए विभाग नई ड्रेनेज पॉलिसी ला रहा है। अब तक यू-शेप में बनने वाली नालियों को वी-शेप में बनाया जाएगा ताकि नालों का पानी सड़कों में न घुसे। इस प्रावधान को डीपीआर में भी शामिल किया जा रहा है।



