➤ मंडी और बिलासपुर में कोहरे का येलो अलर्ट, विजिबिलिटी 100 मीटर से कम रहने की आशंका
➤ 10 कस्बों में न्यूनतम तापमान 5°C से नीचे, कल्पा -1.5°C और कुकुमसेरी -6.3°C
➤ 15 फरवरी तक खिली रहेगी धूप, 16 से कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस के संकेत
Shimla Weather Update: हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में गुरुवार को घने कोहरे का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) ने मंडी और बिलासपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह 10 बजे तक कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी 100 मीटर से नीचे गिरने की आशंका जताई गई है।
बिलासपुर शहर, भाखड़ा बांध, मंडी की बल्ह घाटी और सुंदरनगर के आसपास अधिक कोहरा छाने की संभावना है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कोहरे के कारण रात और सुबह के समय ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
प्रदेश के 10 कस्बों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कल्पा में तापमान -1.5°C, कुकुमसेरी में -6.3°C और ताबो में -5.7°C दर्ज किया गया।
वहीं, दिन के तापमान में उल्लेखनीय उछाल आया है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ। कांगड़ा में अधिकतम तापमान 24.7°C, सुंदरनगर में 25.1°C, भुंतर में 23.3°C और शिमला में 17.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है।
4 दिन साफ रहेगा मौसम
IMD के अनुसार, 15 फरवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और बारिश-बर्फबारी की संभावना नहीं है। 16 फरवरी से एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिसका असर मुख्य रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी के रूप में दिखेगा। मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है।
विंटर सीजन में 14% कम बारिश
1 जनवरी से 11 फरवरी के बीच प्रदेश में सामान्य से 14 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में जहां सामान्य वर्षा 117.9 मिमी होती है, वहीं इस बार 101.8 मिमी वर्षा हुई है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा और शिमला में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में औसत से अधिक बारिश हुई।



