Follow Us:

राष्ट्रव्यापी हड़ताल का हिमाचल में असर: शिमला से ऊना तक सड़कों पर उतरे कर्मचारी

➤ सार्वजनिक उपक्रमों की बिक्री और नए लेबर कोड के विरोध में प्रदर्शन

➤ शिमला में सीटू के बैनर तले रैली, ऊना-बिलासपुर-सोलन में भी हल्ला बोल

➤ कुल्लू में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित


Himachal Bharat Bandh News: केंद्र सरकार की नीतियों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की बिक्री और नए लेबर कोड के विरोध में गुरुवार को बुलाए गए राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिला।

राजधानी शिमला में सीटू के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया गया। पंचायत भवन ओल्ड बस अड्डे से लेकर बाजार होते हुए सीटीओ तक रैली निकाली जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ऊना में हल्ला बोल

ऊना में एमसी पार्क में विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने एकजुट होकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार से कर्मचारी विरोधी फैसले वापस लेने की मांग की।

बिलासपुर में मिड डे मील वर्कर्स का धरना

एटक से संबद्ध मिड डे मील वर्कर्स यूनियन ने जिला मुख्यालय पर धरना शुरू किया। यूनियन ने कम मानदेय, नियमितीकरण और बजट में वेतन वृद्धि न होने पर नाराजगी जताई। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।

सोलन में ट्रेड यूनियनों की रैली

सोलन के मालरोड पर एटक के बैनर तले विभिन्न ट्रेड यूनियनों ने रैली निकाली। इसमें शूलिनी ऑटो यूनियन, मिड-डे-मील वर्कर, बैंक कर्मी और नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने श्रम संहिता को उद्योगपतियों के पक्ष में बताया।

मनरेगा कर्मियों का विरोध

ऊना में मनरेगा कर्मचारी यूनियन ने भी प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पंचायतों में पिछले दो वर्षों से मनरेगा कार्य प्रभावित हैं, जिससे ग्रामीण विकास कार्य ठप पड़े हैं।

कुल्लू में एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित

कुल्लू में 108 और 102 एंबुलेंस कर्मियों के हड़ताल पर जाने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं और एंबुलेंस के पहिये थम गए।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में हड़ताल के कारण बैंकिंग, परिवहन और अन्य सेवाओं पर भी आंशिक असर देखा गया।