Follow Us:

किन्नौर के भावानगर में दर्दनाक हादसा, जानी संपर्क मार्ग पर कार दुर्घटनाग्रस्त; चार की मौत, एक घायल


भावानगर के जानी संपर्क मार्ग पर कार हादसा, चार लोगों की मौके पर मौत
टापरी से जानी जा रही कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त, पांच लोग थे सवार
एक घायल छोल्टू अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच



हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के भावानगर उपमंडल में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानी संपर्क मार्ग पर टापरी से जानी जा रही एक कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7:00 बजे कार संख्या HP-26B-8999 टापरी से जानी की ओर जा रही थी। इसी दौरान जानी संपर्क मार्ग पर वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान हिमेश कुमार (19) पुत्र नरेश कुमार निवासी जानी निचार, कृष्णा (42) पत्नी नरेश कुमार, सुषमा (47) पत्नी रोशन लाल निवासी ग्रांगे निचार और इंद्र लाल (30) पुत्र हरि लाल निवासी जानी के रूप में हुई है। हादसे में विद्या कृष्ण (32) पुत्र हरि लाल निवासी जानी घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए छोल्टू अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

कार्यवाहक एसपी एवं डीएसपी भावानगर राजकुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जानी संपर्क मार्ग संकरा और जोखिमभरा है। यहां पहले भी छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। सुबह के समय सड़क पर हल्की फिसलन या तकनीकी खराबी की भी आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

इस हादसे ने एक ही क्षेत्र के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधा रहे हैं।