➤ गगरेट से जुड़े कथित बेनामी जमीन सौदों पर SIT गठित कर जांच होगी
➤ विधानसभा में विधायक राकेश कालिया ने उठाया मामला
➤ मुख्यमंत्री ने कहा – दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
शिमला: विधानसभा में गगरेट क्षेत्र से जुड़े बेनामी जमीन सौदों का मामला जोरदार तरीके से उठा। विधायक राकेश कालिया ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड से सेवानिवृत्त एक पूर्व मुख्य सचिव द्वारा गगरेट और गग्गल एयरपोर्ट के आसपास बेनामी जमीनों की खरीद-फरोख्त की जा रही है।
इस पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट कहा कि पूरे मामले की एसआईटी (SIT) गठित कर जांच करवाई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
विधायक ने यह भी कहा कि गगरेट में 8 लाख रुपये के कथित फ्रॉड की एक एफआईआर दर्ज है और इस प्रकरण में भी सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित सेवानिवृत्त अधिकारी का सरकार गिराने की साजिश में भी हाथ रहा और प्रदेश में बाहरी राजनीतिक संस्कृति लाई गई।
मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और तथ्य उन्हें तथा डीजीपी को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा सके।



