➤ विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर 5 हजार की घूस के साथ पकड़ा
➤ पेड़ कटान मामला रफा-दफा करने के बदले मांगी थी रिश्वत
➤ आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी विजिलेंस
नालागढ़/बद्दी। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में विजिलेंस ने एक फॉरेस्ट गार्ड को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस थाना बद्दी की टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी फॉरेस्ट गार्ड समीर नालागढ़ वन विभाग के तहत दभोटा बीट में तैनात था। उस पर पेड़ कटान से जुड़े एक मामले को रफा-दफा करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। डीएसपी विजिलेंस डॉ. प्रतिभा चौहान के नेतृत्व में यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया।
आरोपी के खिलाफ Prevention of Corruption Act 1988 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।
गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में भी विजिलेंस थाना बद्दी ने 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते एक अन्य फॉरेस्ट गार्ड को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रहे मामलों से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।



