➤ पहले ही प्रयास में 99.08 परसेंटाइल अंक प्राप्त
➤ DAV पब्लिक स्कूल जोगिंदरनगर के छात्र हैं सत्यम
➤ पहले भी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश स्तर पर टॉप-10 में बना चुके हैं स्थान
मंडी/जोगिंदरनगर। जोगिंदरनगर के रोपड़ी गांव निवासी कक्षा 12वीं के छात्र सत्यम ठाकुर ने अपने पहले ही प्रयास में JEE Mains परीक्षा में 99.08 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सत्यम, विजय बरवाल और हेमलता के सुपुत्र हैं। उनके माता-पिता दोनों शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं, जिससे उन्हें प्रारंभ से ही पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिला।
सत्यम 9वीं कक्षा से DAV Public School Jogindernagar के छात्र रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह न केवल स्कूल बल्कि पूरे जोगिंदरनगर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
सत्यम ने इससे पहले भी अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने Himachal Pradesh Board of School Education द्वारा आयोजित 10वीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेशभर में 10वां स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश पॉलिटेक्निकल प्रवेश परीक्षा में पूरे राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया था।
प्रधानाचार्य ने कहा कि सत्यम शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और जिज्ञासु छात्र रहा है। उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। विद्यालय प्रबंधन ने सत्यम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



