➤ पब्बर नदी किनारे 36 वर्षीय राकेश प्रताप का शव बरामद
➤ BNS की धारा 103 और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज
➤ CCTV में दो संदिग्ध दिखे, पुलिस की विशेष टीमें जांच में जुटीं
थाना चिड़गांव क्षेत्र में पब्बर नदी के किनारे एक नेपाली मूल के व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 36 वर्षीय राकेश प्रताप के रूप में की गई है।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर धारदार हथियार के गंभीर निशान पाए गए, जबकि उसके हाथ-पांव बंधे हुए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 3(5) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए और उन्हें सुरक्षित कब्जे में लिया गया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें 17 फरवरी को मृतक के साथ दो संदिग्ध व्यक्ति देखे गए हैं।
पुलिस द्वारा इन साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। घटना स्थल पर डॉग स्क्वॉड से भी मुआयना कराया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर गहन छानबीन कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।



