Follow Us:

राज देवता माधोराय की अगुवाई में निकली मध्य जलेब

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में ‘मध्य जलेब’ निकली, 150 से अधिक देवी-देवता शामिल
पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर पड्डल मैदान तक पहुंची भव्य शोभायात्रा
राज देवता माधोराय की अगुवाई, विधानसभा स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया रहे मौजूद


हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के तहत दोपहर बाद भव्य मध्य जलेब निकाली गई। इस पारंपरिक शोभायात्रा में 150 से अधिक देवी-देवताओं की भागीदारी रही। देव रथों, पारंपरिक वेशभूषा और लोक वाद्ययंत्रों की गूंज से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। ढोल-नगाड़ों और कर्नाल की थाप पर देवी-देवता और श्रद्धालु नाचते-गाते हुए ऐतिहासिक पड्डल मैदान की ओर बढ़े।

मंडी शिवरात्रि में जलेब के दौरान पड्डल मैदान की तरफ बढ़ते हुए देवी देवता।

देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने मंडी पहुंचे। जलेब के दौरान श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य देवताओं के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्थानीय लोगों के आराध्य राज देवता माधोराय की अगुवाई में निकली इस भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को आस्था के रंग में रंग दिया।

मंडी शिवरात्रि में जलेब में शामिल हिमाचल विधानसभा स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया।

इस अवसर पर विधानसभा स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। जलेब में शामिल होने के बाद वे शाम को सेरी मंच पर आयोजित शिवरात्रि महोत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

मंडी शिवरात्रि में जलेब के दौरान मार्च पास्ट करते हुए पुलिस जवान।

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जहां देव परंपरा, लोक संस्कृति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलता है। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से भी विशेष महत्व रखता है।