➤ फरवरी में सामान्य से 79% कम बारिश, विंटर सीजन भी 32% सूखा
➤ अगले एक हफ्ते तक अच्छी बारिश के आसार नहीं
➤ कांगड़ा का पारा सामान्य से 9°C ज्यादा, कई शहरों में तापमान उछला
हिमाचल प्रदेश में इस बार फरवरी माह में बादलों ने जमकर दगा दिया है। प्रदेश में 1 से 17 फरवरी के बीच सामान्य 64.1 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले केवल 14.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो कि सामान्य से लगभग 79 प्रतिशत कम है। वहीं पूरे विंटर सीजन में भी सामान्य से 32 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। यह आंकड़े मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट में सामने आए हैं, जिसने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है।
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो सोलन में सामान्य से 93 प्रतिशत कम बारिश हुई है। शिमला और ऊना में 92 प्रतिशत, बिलासपुर में 89 प्रतिशत, कांगड़ा में 86 प्रतिशत और चंबा में 83 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। 1 जनवरी से 19 फरवरी के बीच सामान्य 149.4 मिलीमीटर के मुकाबले इस बार 101.9 मिलीमीटर ही बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में अच्छी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। हालांकि 23 फरवरी को अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। अगले 72 घंटे तक भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली रहेगी, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
तापमान के मोर्चे पर भी स्थिति असामान्य बनी हुई है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक और अधिकतम तापमान 5.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। कांगड़ा में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 9.1 डिग्री का उछाल आया है और यहां पारा 27.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
इसी तरह कल्पा का तापमान सामान्य से 7.9 डिग्री अधिक होकर 14.5 डिग्री, मनाली का 5.6 डिग्री उछाल के साथ 17.4 डिग्री, मंडी का 4.8 डिग्री बढ़कर 25.8 डिग्री और शिमला का अधिकतम तापमान 3.9 डिग्री अधिक होकर 17.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। लगातार बढ़ते तापमान और बारिश की कमी ने मौसम के मिजाज को पूरी तरह बदल दिया है।



