➤ पेट दर्द की शिकायत के बाद दोपहर 12 बजे एम्स पहुंचे
➤ जांच के बाद हिमाचल सदन लौटे, हालत स्थिर
➤ मेडिकल बुलेटिन का इंतजार
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को दिल्ली में अचानक अस्वस्थ हो गए। पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें उपचार के लिए दोपहर करीब 12 बजे एम्स दिल्ली ले जाया गया।
डॉक्टरों द्वारा आवश्यक जांच और उपचार के बाद सीएम सुक्खू हिमाचल सदन लौट आए हैं। फिलहाल उनका स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी होना बाकी है।
पहले भी ले चुके हैं उपचार
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री कुछ समय से पैंक्रियाज और पेट में संक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं। इससे पहले वह दो बार आईजीएमसी शिमला और एक बार एम्स दिल्ली में उपचार करवा चुके हैं। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है और फिलहाल वह हिमाचल सदन में विश्राम कर रहे हैं।
हाईकमान बैठक में शामिल होने पहुंचे थे दिल्ली
सीएम सुक्खू कांग्रेस हाईकमान की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। गुरुवार शाम उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक में भाग लिया था। शुक्रवार सुबह उनका केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मिलने का कार्यक्रम प्रस्तावित था।



