Follow Us:

आत्मविश्वास और उन्नतिशील सोच से ही बनेगा मजबूत नेतृत्व: आर.एस. बाली

➤ सनावर में ‘लीडरशिप विद हार्ट’ कार्यक्रम में युवाओं को दिया प्रेरक संदेश
➤ आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल और टीम वर्क को बताया सफलता का आधार
➤ नशे से दूर रहकर लक्ष्य प्राप्ति का किया आह्वान


सोलन। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नेतृत्व में ईमानदारी, समर्पण और संवेदनशीलता अनिवार्य है। वे कसौली उपमण्डल स्थित The Lawrence School, Sanawar में आयोजित आई कैन कॉन्फ्रेंस ‘लीडरशिप विद हार्ट’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है जो अपनी टीम की भावनाओं को समझे, उनका मार्गदर्शन करे और उनके दृष्टिकोण को सम्मान दे। एक सफल नेता टीम को साथ लेकर चलता है और सामूहिक प्रयासों से लक्ष्य प्राप्त करता है।

आर.एस. बाली ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल, वक्तृत्व कला, विवाद समाधान क्षमता, टीम वर्क और कूटनीति जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। ये गुण उन्हें भविष्य में प्रभावी मार्गदर्शक और जिम्मेदार नागरिक बनने में सहायता प्रदान करते हैं।

उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए ताकि युवाओं में सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता को मजबूती मिल सके।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने का आग्रह करते हुए कहा कि आत्मविश्वास और उन्नतिशील सोच से परिपूर्ण युवा ही प्रदेश और देश के विकास की मजबूत नींव रख सकते हैं

कार्यक्रम में उपमण्डलाधिकारी कसौली महेन्द्र प्रताप सिंह, स्कूल के मुख्य अध्यापक हिम्मत सिंह ढिल्लों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।