➤ अप्रैल के पहले सप्ताह से करीब 10 हजार शिक्षकों के तबादलों की प्रक्रिया शुरू
➤ 145 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम के साथ नई तैनातियां
➤ ग्रामीण व दुर्गम क्षेत्रों में खाली पद भरने को प्राथमिकता
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल की तैयारी पूरी कर ली गई है। विभाग अप्रैल के पहले सप्ताह से करीब 10 हजार शिक्षकों के तबादलों के आदेश जारी करेगा। यह प्रक्रिया वार्षिक नियमित ट्रांसफर नीति के तहत होगी।
प्रदेश के चयनित 145 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। इन स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की नई नियुक्तियां की जाएंगी। इसके लिए स्क्रीनिंग परीक्षा और मेरिट के आधार पर चयनित शिक्षकों को पोस्टिंग दी जाएगी।
सीबीएसई स्कूलों में तैनाती के कारण वहां पहले से कार्यरत शिक्षकों को अन्य जरूरतमंद स्कूलों में समायोजित किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य पूरे प्रदेश में शिक्षकों की उपलब्धता का संतुलन बनाना है।
सूत्रों के अनुसार लंबे समय से एक ही स्कूल या शहरी क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों के तबादले किए जाएंगे। खासतौर पर ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में खाली पद भरने को प्राथमिकता दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर कुछ स्कूलों में विषयवार पदों का पुनर्गठन भी किया जा सकता है।
अप्रैल से शुरू होने वाली सामान्य प्रक्रिया के तहत सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के पद भी नए तबादलों के माध्यम से भरे जाएंगे। विभाग का प्रयास है कि नए शैक्षणिक सत्र से पहले अधिकतर स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर दी जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि नए सत्र की शुरुआत तक तबादलों और नई तैनाती की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।



