➤ चंबा के सिहुंता तहसील में ग्लोबल स्किल्स एंड डिजिटल यूनिवर्सिटी को मंजूरी
➤ स्किल-बेस्ड, इंडस्ट्री-ओरिएंटेड और डिजिटल शिक्षा पर रहेगा फोकस
➤ ‘सीखते-पढ़ते कमाते’ मॉडल से युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर
शिमला/चंबा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि राज्य सरकार ने चंबा जिले में ‘ग्लोबल स्किल्स एंड डिजिटल यूनिवर्सिटी’ स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। यह यूनिवर्सिटी सिहुंता तहसील के मोहल चलेरा में बनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान राज्य में क्वालिटी हायर एजुकेशन, डिजिटल लर्निंग और स्किल डेवलपमेंट को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। इसका विशेष फोकस स्किल-बेस्ड, वोकेशनल और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड शिक्षा पर रहेगा।
उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी क्रेडिट-बेस्ड सिस्टम और नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (NSQF) के तहत सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और डॉक्टोरल प्रोग्राम संचालित करेगी। पढ़ाई ऑनलाइन, ब्लेंडेड और एक्सपीरिएंशियल लर्निंग मोड में होगी।
इन क्षेत्रों में होंगे स्कूल
यूनिवर्सिटी में हेल्थकेयर, मैनेजमेंट, आईसीटी, हॉस्पिटैलिटी, इंजीनियरिंग, फूड प्रोसेसिंग, ड्रोन डेवलपमेंट, एनवायरनमेंट मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर और लैंग्वेज सहित कई स्कूल स्थापित किए जाएंगे।
डिजिटल स्किल्स पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल मार्केटिंग और फिनटेक जैसे क्षेत्रों में प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे। वर्चुअल लैब और इंडस्ट्री सहयोग से प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत इंडस्ट्री लिंकेज, अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम, इनक्यूबेशन सेंटर और प्लेसमेंट सपोर्ट सेल बनाए जाएंगे। सेक्टर स्किल काउंसिल और बड़ी इंडस्ट्री को करिकुलम डिजाइन में शामिल किया जाएगा, ताकि छात्र जॉब-रेडी स्किल्स के साथ बाहर निकलें।
‘सीखते-पढ़ते कमाते’ मॉडल से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव और आर्थिक मजबूती दोनों मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह यूनिवर्सिटी शिक्षा और रोजगार के बीच की खाई को कम करने में मॉडल संस्थान की भूमिका निभाएगी।
सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में भी बेहतर हायर एजुकेशन उपलब्ध कराना है। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद यूनिवर्सिटी का अधिकार क्षेत्र पूरे हिमाचल प्रदेश में होगा।



