➤ मनाली के होमस्टे में झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन के पोते की संदिग्ध मौत
➤ दोस्तों के साथ घूमने आया था वीर सोरेन, सिरदर्द की शिकायत के बाद बिगड़ी हालत
➤ पोस्टमार्टम के बाद ही खुलेगा मौत का राज, पुलिस जांच में जुटी
हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वीर सोरेन, बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे और अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने आए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वीर सोरेन अपने मित्र अग्नय वर्मा निवासी उत्तर प्रदेश के साथ 22 फरवरी को मनाली पहुंचे थे। वे सिमसा क्षेत्र के एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। 23 फरवरी को सभी मित्र सोलंग और सेथन घूमने गए और शाम को वापस होमस्टे लौट आए। सोमवार को दिन में करीब 12:30 बजे लौटने के बाद वीर सोरेन सो गए।
साथियों के अनुसार जब उन्हें उठाया गया तो उन्होंने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। इस पर दोस्तों ने ऑनलाइन माध्यम से दवाई मंगवाकर उन्हें दी। दोपहर करीब 2:30 बजे कमरे से गिरने की आवाज आई। कमरे में जाकर देखा तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरे हुए थे। उन्हें तुरंत गाड़ी में डालकर सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते समय उनके मुंह से झाग निकलने लगा था।
चिकित्सकों ने अस्पताल में काफी देर तक सीपीआर दी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार शव को मनाली के शवगृह में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मामले की जांच स्थानीय पुलिस कर रही है। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की बाहरी चोट के स्पष्ट संकेत सामने नहीं आए हैं, लेकिन हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पर्यटन नगरी में सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।



