■ 27 फरवरी से 3 मार्च तक ऑनलाइन बिल भुगतान सहित कई सेवाएं ठप
■ बिलिंग सिस्टम अपग्रेड के चलते नया कनेक्शन, शिकायत, लोड परिवर्तन प्रभावित
■ लेट पेमेंट सरचार्ज से बचने को 27 फरवरी से पहले बिल जमा करने की अपील
हिमाचल प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अहम सूचना है। हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड अपने सॉफ्टवेयर और बिलिंग सिस्टम को अपग्रेड करने जा रहा है, जिसके चलते 27 फरवरी से 3 मार्च तक कई ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। इस दौरान उपभोक्ता ऑनलाइन बिल भुगतान और अन्य डिजिटल सुविधाओं का लाभ नहीं ले सकेंगे।
बोर्ड के प्रवक्ता अनुराग पराशर ने बताया कि उपभोक्ताओं को अधिक प्रभावी और सुचारू ऑनलाइन सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से यह अपग्रेड किया जा रहा है। पांच दिनों की इस अवधि में बिलिंग सिस्टम को आधुनिक और सक्षम बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में सेवाओं की गति और पारदर्शिता बेहतर हो सके।
अपग्रेड के दौरान जिन सेवाओं पर असर पड़ेगा, उनमें नए बिजली कनेक्शन के आवेदन, बिजली बिल जनरेशन, ऑनलाइन और कैश काउंटर पर बिल भुगतान, शिकायत दर्ज कराना, कनेक्शन काटने या जोड़ने के अनुरोध, लोड परिवर्तन संबंधी आवेदन और मोबाइल एप्लिकेशन सेवाएं शामिल हैं। यानी उपभोक्ताओं को इन सभी सुविधाओं के लिए अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
बोर्ड लिमिटेड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे लेट पेमेंट सरचार्ज से बचने के लिए 27 फरवरी से पहले अपना बिजली बिल अवश्य जमा कर दें। अधिकारियों का कहना है कि अपग्रेड के बाद बिल जनरेशन और भुगतान प्रणाली अधिक दक्षता और बेहतर निष्पादन के साथ 4 मार्च से दोबारा शुरू कर दी जाएगी।
हालांकि इस अवधि में बिजली आपूर्ति सामान्य रहेगी। किसी भी प्रकार की आपूर्ति संबंधी शिकायत या सहायता के लिए बोर्ड का टोल फ्री नंबर 1800-180-8060 और 1912 चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा।
बिजली बोर्ड का कहना है कि यह कदम भविष्य की डिजिटल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को आने वाले समय में तेज, सुरक्षित और अधिक पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी।



