Follow Us:

कांगड़ा को मिली आधुनिक इलेक्ट्रिक बस की सौगात : अजय वर्मा

कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र को मिली नई इलेक्ट्रिक एचआरटीसी बस
एक चार्ज में 180 किलोमीटर की रेंज, 30 यात्रियों की क्षमता
एयर सस्पेंशन और ब्लेड बैटरी जैसी आधुनिक सुविधाएं


25 फरवरी को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र को आधुनिक इलेक्ट्रिक बस की सौगात मिली। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने एचआरटीसी की इस नई इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एचआरटीसी के अधिकारियों, कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

बस को कांगड़ा बस स्टैंड से बाईपास कांगड़ा तक चलाकर उसका ट्रायल भी किया गया। इस दौरान स्वयं अजय वर्मा सहित कांग्रेस समर्थकों ने यात्रा कर बस की सुविधाओं का अनुभव लिया।

उपाध्यक्ष ने बताया कि यह आधुनिक बस सुरक्षा और तकनीक के लिहाज से पूरी तरह उन्नत है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बस के भीतर दो कैमरे और एक कैमरा आगे की ओर लगाया गया है, जिससे निगरानी सुनिश्चित की जा सके। यह बस एक बार चार्ज होने पर लगभग 180 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती है।

ओलेक्ट्रा कंपनी द्वारा निर्मित इस बस में ब्लेड टाइप बैटरी लगाई गई है, जिसका वजन पारंपरिक बैटरियों की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत कम है। इसकी विशेषता यह है कि किसी भी तापमान में बैटरी के ब्लास्ट होने की संभावना नहीं है। इसके साथ ही यह बस पूरी तरह पॉल्यूशन फ्री है और शोर भी नहीं करती, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

यह बस 30 यात्रियों की क्षमता वाली है। इसमें एयर सस्पेंशन की सुविधा दी गई है, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान झटके महसूस नहीं होंगे। खास बात यह है कि बुजुर्ग और उम्रदराज यात्रियों की सुविधा के लिए बस एक तरफ झुक जाती है, जिससे चढ़ने-उतरने में आसानी होती है।

इस मौके पर डीएम धर्मशाला पंकज चड्ढा, डीडीएम नगरोटा राजिंदर पठानिया, आरएम धर्मशाला साहिल कपूर, ईओ कांगड़ा आर.एस. वर्मा, मनोनीत पार्षद संजीव गुप्ता, विजय सहगल, अनिल कुमार नीलू, एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल जमवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।