Follow Us:

SDM ओशिन शर्मा पर निजी उत्पाद प्रमोशन का आरोप, , मुख्य सचिव ने जांच के दिए निर्देश

SDM ओशिन शर्मा पर निजी कंपनी का उत्पाद प्रमोट करने का आरोप
सोशल मीडिया से वीडियो हटाया, सरकार तक पहुंची शिकायत
मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने जांच के दिए निर्देश


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में तैनात SDM ओशिन शर्मा एक निजी कंपनी के उत्पाद के प्रमोशन को लेकर विवादों में घिर गई हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक प्रमोशनल वीडियो ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। इस वीडियो में जिम जाने वाले लोगों के लिए एक निजी कंपनी के उत्पाद का प्रचार किया गया था, जिसके बाद इसे लेकर आपत्तियां उठनी शुरू हो गईं। मामला बढ़ते ही यह शिकायत सरकार तक पहुंच गई और अब इसकी आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि ओशिन शर्मा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर उक्त वीडियो साझा किया था। वीडियो में फिटनेस से जुड़े उत्पाद का प्रचार स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। जैसे ही यह वीडियो सार्वजनिक हुआ, सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई। कई लोगों ने इसे सिविल सर्विसेज कंडक्ट नियम 15(1) का उल्लंघन बताया, जिसके तहत कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी प्रकार के व्यवसाय, व्यापार या अन्य लाभकारी गतिविधि में संलिप्त नहीं हो सकता।

विवाद बढ़ने के बाद ओशिन शर्मा ने संबंधित वीडियो अपने अकाउंट से हटा दिया। हालांकि तब तक यह मामला चर्चा का विषय बन चुका था। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में सरकार को औपचारिक शिकायत सौंपी गई, जिसके बाद मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुष्टि की है कि शिकायत प्राप्त हुई है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

ओशिन शर्मा प्रदेश की चर्चित महिला अधिकारियों में गिनी जाती हैं। प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ वे सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। फेसबुक पर उनके 3.71 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर 3.74 लाख लोग उन्हें फॉलो करते हैं। यूट्यूब पर भी उनके करीब 65 हजार सब्सक्राइबर हैं। उनकी लोकप्रियता के कारण यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।

अब सबकी नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई संभव है। फिलहाल संबंधित विभाग तथ्यों की जांच में जुट गया है और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।