➤ डलहौजी को रेल से जोड़ने का मुद्दा रेल मंत्री के समक्ष उठाएंगे किरण रिजिजू
➤ दिल्ली शराब घोटाले में बरी आरोपियों पर बोले- ऊपरी अदालतें सुधार के लिए मौजूद
➤ ओवैसी के बयान पर पलटवार, एआई समिट मामले पर जानकारी से किया इनकार
हिमाचल प्रदेश के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मंत्री किरण रिजिजू ने डलहौजी को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग को केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। डलहौजी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है और इसके विकास के लिए रेल संपर्क अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय नेताओं और नागरिकों ने भी उनके समक्ष रेल सेवा की मांग रखी।
कांगड़ा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए किरण रिजिजू ने दिल्ली के कथित शराब घोटाले से जुड़े सीबीआई मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत 21 आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा बरी किए जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य न्यायिक प्रक्रिया है। यदि निचली अदालत के फैसले में कोई त्रुटि रह जाती है या तथ्यों की पूरी जांच नहीं हो पाती है, तो उसे ऊपरी अदालत में चुनौती दी जा सकती है। वहां से अंतिम और सही फैसला लिया जाता है।
गौरतलब है कि इस मामले में विशेष न्यायाधीश जितेंद्र प्रताप सिंह ने आरोपमुक्त करने का आदेश दिया था, जिसके बाद सीबीआई ने उच्च न्यायालय का रुख किया है। इस फैसले के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
बातचीत के दौरान किरण रिजिजू ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री की हालिया इजरायल यात्रा पर सवाल उठाए थे। रिजिजू ने कहा कि हर सरकारी कदम का विरोध करना और प्रधानमंत्री की आलोचना करना उचित नहीं है। अंतरराष्ट्रीय संबंधों को राष्ट्रीय हित के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए, न कि राजनीतिक चश्मे से।
एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया है कि इसके पीछे किसी प्रकार का षड्यंत्र हो सकता है, लेकिन फिलहाल वह गृह मंत्रालय नहीं संभाल रहे हैं, इसलिए विस्तृत जानकारी उनके पास नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी मामला है, उसे शांतिपूर्वक सुलझा लिया जाना चाहिए।
अपने हिमाचल दौरे के बारे में किरण रिजिजू ने बताया कि चंबा क्षेत्र में मंत्रालय से जुड़े कुछ प्रोजेक्ट प्रगति पर हैं, जिनकी समीक्षा की जाएगी। इससे पहले वह लाहौल-स्पीति का भी दौरा कर चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री के इस दौरे के दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राजनीतिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर दिए गए बयानों ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा को जन्म दे दिया है।



