Follow Us:

हिमाचल के CBSE स्कूलों में फिलहाल नहीं बदलेगी वर्दी और ड्रेस कोड

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पुरानी व्यवस्था ही रहेगी प्रभावी

नया ड्रेस कोड और बिल्डिंग कलर स्कीम सत्र 2027-28 से लागू करने की तैयारी


शिमला: हिमाचल प्रदेश के CBSE (सीबीएसई) से संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के ड्रेस कोड, छात्रों की यूनिफॉर्म और स्कूल भवनों की कलर स्कीम को लेकर शिक्षा निदेशालय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। निदेशक स्कूल शिक्षा (Director School Education) की ओर से जारी ताजा स्पष्टीकरण के अनुसार, आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए किसी भी नए ड्रेस कोड या यूनिफॉर्म को अधिसूचित नहीं किया गया है। विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल स्कूलों में वही व्यवस्था जारी रहेगी जो अब तक स्वेच्छा से अपनाई गई थी।

विभागीय आदेश के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को SMC और अन्य हितधारकों के साथ हुई वर्चुअल बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है कि वर्तमान में चल रही वर्दी और ड्रेस कोड की व्यवस्था यथावत रहेगी। हालांकि, सरकार भविष्य के लिए बड़े बदलाव की तैयारी में है। निदेशालय ने सूचित किया है कि निदेशक तकनीकी शिक्षा (NIFT) या किसी उपयुक्त एजेंसी के परामर्श से नए नियमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह नई व्यवस्था शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश में लागू की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, स्कूलों की बिल्डिंग के रंग (White Washing Colour Scheme) को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। संस्थानों के प्रमुखों को आदेश दिए गए हैं कि वे फिलहाल पुरानी कलर स्कीम के अनुसार ही सफेदी या पेंट का कार्य करवाएं। भविष्य में सीबीएसई स्कूलों के लिए एक यूनिफॉर्म कलर स्कीम अधिसूचित की जाएगी, जिस पर अभी उच्च स्तर पर विचार किया जा रहा है। निदेशालय ने सभी प्रिंसिपलों, डिप्टी डायरेक्टरों और BEEOs को इन आदेशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।