➤ लगातार साफ मौसम और तेज धूप से दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी
➤ मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का अहसास
➤ 9 से 11 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। लगातार साफ मौसम और तेज धूप के कारण प्रदेश के कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। अब सुबह और शाम के समय भी मौसम में पहले जैसी ठंडक महसूस नहीं हो रही है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम रहने के कारण पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है, जिससे दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। निचले और मध्य पर्वतीय जिलों में दिन के समय धूप काफी तेज हो गई है, जबकि राजधानी शिमला समेत उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी सुबह और शाम की ठंड कम हो गई है।
प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। गुरुवार को नेरी में 34.5 डिग्री, मंडी 33.6, सुंदरनगर 33.3, कांगड़ा 33.0, ऊना 32.2, बरठीं 32.0, भुंतर 31.8, सोलन 31.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा चंबा में 29.9, धर्मशाला 29.0, नाहन 27.8, शिमला 25.2, मनाली 25.2, कल्पा 24.0 और केलांग 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 9 से 11 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव आ सकता है। इस दौरान मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है। हालांकि उससे पहले अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी रह सकता है।



