Follow Us:

देहरा में एचआरटीसी बस और बाइक की टक्कर, दो कॉलेज छात्रों की मौत

देहरा में एचआरटीसी बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर
हादसे में बीसीए के दो कॉलेज छात्रों की दर्दनाक मौत
स्कूल बस को ओवरटेक करने के दौरान हुआ भीषण हादसा


कांगड़ा जिले के देहरागोपीपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-503 पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। मृतक दोनों युवक ठाकुर कॉलेज ढलियारा में बीसीए छठे सेमेस्टर के छात्र थे। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा देहरा के खबली दोसड़का के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर उस समय हुआ जब होशियारपुर से धर्मशाला जा रही एचआरटीसी बस सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दिव्यांश (21) पुत्र केवल कुमार निवासी चनौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे युवक पियूष (21) पुत्र राजकुमार निवासी कनोल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नागरिक अस्पताल देहरा पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक बनखंडी स्थित मां बगलामुखी मंदिर और कांगड़ा के बज्रेश्वरी मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना से कुछ समय पहले एचआरटीसी बस चालक ने सड़क पर जा रही एक स्कूल बस को ओवरटेक किया था। ओवरटेक करने के बाद जैसे ही बस अपनी लेन में वापस आई, उसी समय सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है

यह हादसा निर्माणाधीन केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर के पास हुआ, जहां सड़क पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। दुर्घटना के बाद इलाके में गहरा दुख और शोक का माहौल है, क्योंकि दोनों युवक कॉलेज के होनहार छात्र बताए जा रहे थे।