Follow Us:

108 एंबुलेंस में महिला से छेड़छाड़ का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

108 एंबुलेंस कर्मचारी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप
महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ा
फरार आरोपी को शिमला से हिरासत में लेकर जांच शुरू


हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े एक कर्मचारी पर महिला के साथ छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर महिला थाना सोलन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिमला से हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसने 108 सेवा के माध्यम से एंबुलेंस बुक करवाई थी। जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची तो चालक ने उसे फोन कर पूछा कि क्या वह अकेली यात्रा कर रही है। महिला ने चालक को बताया कि उसके साथ उसकी जेठानी भी जा रही है। इसके बाद महिला अपने बेटे और जेठानी के साथ एंबुलेंस में सवार हो गई

महिला का आरोप है कि इसी दौरान एंबुलेंस कर्मचारी ने उसकी जेठानी के साथ छेड़छाड़ की। इस घटना से महिला और उसके परिवार के लोग घबरा गए। बाद में जब महिला ने पूरी घटना की जानकारी अपने पति को दी और वे अस्पताल पहुंचे, तो वहां आरोपी ने उसके पति के साथ भी बदतमीजी की और मौके से फरार हो गया।

घटना की शिकायत मिलने के बाद महिला थाना सोलन में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे शिमला से हिरासत में ले लिया

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दिव्यांश निवासी गांव बटेहरड़ा, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पिछले छह महीनों से 108 एंबुलेंस सेवा में ईएमटी फार्मासिस्ट के रूप में तैनात था।

एसपी सोलन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।