Follow Us:

जयराम ठाकुर का बड़ा हमला… बोले सुक्खू ने मित्रों से भी बोला झूठ

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर तीखा हमला, बोले मुख्यमंत्री ने मित्रों से भी बोला झूठ
शिलाई में 25 की अनुमति में 300 से ज्यादा पेड़ कटने का आरोप, सरकार पर संरक्षण देने की बात
प्रदेश में विकास रुकने और उद्योगों के पलायन का लगाया आरोप


शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोमवार को शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में नए मित्र के एडिशन से मुख्यमंत्री काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं, लेकिन पूर्ण बहुमत होने के बावजूद भी सुक्खू सरकार डरी हुई नजर आ रही है

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने मित्रों से भी झूठ बोला और कई नेताओं को राज्यसभा टिकट देने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने भी सार्वजनिक रूप से अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा है कि सच बोलने की कीमत उन्हें चुकानी पड़ रही है। नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि जब से सुक्खू को सुख की अनुभूति हुई है, तब से आनंद का आनंद खत्म होता जा रहा है

उन्होंने यह भी कहा कि जिन नेताओं ने मुख्यमंत्री सुक्खू को आगे बढ़ाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी मतभेद मोल लिए थे, उन्हें ही अब किनारे कर दिया गया है। कांग्रेस ने दावा किया था कि राज्यसभा के लिए आम कार्यकर्ता को टिकट दिया गया है, लेकिन जब उम्मीदवार की संपत्ति का ब्योरा सामने आया तो वह करोड़ों की संपत्ति के मालिक निकले।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का विकास रुक गया है। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल बाद पूर्व मंत्रियों को भ्रष्टाचार के मामलों में जेल भेजने की बात करना मुख्यमंत्री की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।

शिलाई क्षेत्र में पेड़ कटान के मुद्दे पर जयराम ठाकुर ने कहा कि 25 पेड़ों की अनुमति की आड़ में 300 से अधिक पेड़ों को काट दिया गया। उन्होंने दावा किया कि एफआईआर में भी इसका जिक्र है और ट्रांजिट नियम 2023 के तहत निजी भूमि में केवल तीन पेड़ों तक ही कटान की अनुमति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि जब डेढ़ साल बाद कांग्रेस की सरकार नहीं रहेगी, तब इस मामले में कार्यवाही की जाएगी।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मंडी जिले में भी एक कांग्रेस नेता द्वारा करीब दो हजार पेड़ काटे गए और प्रदेश में अवैध वन कटान सरकार के संरक्षण में हो रहा है

पेखुवाला परियोजना को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और मुख्यमंत्री से पूछा कि वहां वर्तमान में कितनी बिजली उत्पादन हो रही है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना खत्म होने की कगार पर है और कांग्रेस नेताओं को बताना चाहिए कि इसकी स्थिति ऐसी क्यों बनी।

बिलासपुर में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि दोषी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई और बुलडोजर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के अधिकांश मंत्री भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं और भाजपा बजट सत्र के दौरान इन सभी मुद्दों को सदन में उठाएगी

हिम-चंडीगढ़ प्रोजेक्ट के तहत बनने वाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनियों पर भी नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि बाहरी लोगों को बसाने के पीछे उसकी मंशा क्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्या कांग्रेस सरकार हिमाचल को “फॉर सेल” करने की दिशा में काम कर रही है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश से उद्योगों का पलायन लगातार बढ़ रहा है और इसकी वजह मुख्यमंत्री के मित्रों द्वारा बनाया गया डर का माहौल है। जयराम ठाकुर ने कहा कि 21 मार्च को मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे, लेकिन चार साल में सरकार चार नई योजनाएं भी शुरू नहीं कर पाई

उन्होंने आरोप लगाया कि महिला दिवस के मौके पर भी मुख्यमंत्री ने महिलाओं को केवल घोषणाओं के जरिए ठगने का काम किया है।