Follow Us:

Himachal Weather:आज रात से मौसम बदलने की संभावना, 11 से 14 तक बारिश-बर्फबारी, कांगड़ा-शिमला में ओलावृष्टि

ऊना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री, प्रदेश में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज
सात जिलों में पारा 30 डिग्री के पार, कई मैदानी इलाकों में लू जैसे हालात
कांगड़ा, कुल्लू, ऊना, मंडी और सोलन में गर्म हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी


शिमला। हिमाचल प्रदेश में मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के मैदानी जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई स्थानों पर लू जैसे हालात बनने लगे हैं। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है।

 लेकिन आज देर रात से मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 11 से 14 मार्च के बीच प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश व बर्फबारी हो सकती है। IMD का पूर्वानुमान है कि प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान कई जिलों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है। विशेष रूप से कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन जिलों में 10 मार्च यानी आज भी हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और कुल्लू जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में दोपहर के समय लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कांगड़ा, कुल्लू, ऊना, मंडी और सोलन जिलों के लिए गर्म हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान और बढ़ सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ऊना और हमीरपुर में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। वहीं कांगड़ा और बिलासपुर में भी दिन के समय पारा तेजी से ऊपर चढ़ रहा है।

हालांकि राहत की खबर यह है कि मंगलवार से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 मार्च से 15 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।