➤ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आईएसबीटी टूटीकंडी से प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया
➤ सेवा में 115 टैक्सियां शामिल, शिमला शहर के 26 स्थानों के साथ चंडीगढ़ और एयरपोर्ट भी कवर
➤ आईएसबीटी से चंडीगढ़ सिटी का किराया 3000 और एयरपोर्ट का 3500 रुपये निर्धारित
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला के अंतर्राज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) टूटीकंडी से प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के तहत यात्री अब बस अड्डे पर स्थित प्री-पेड काउंटर से टैक्सी बुक कर सकेंगे और पहले ही किराया जमा कर यात्रा कर पाएंगे।
प्री-पेड टैक्सी काउंटर पर भुगतान करने के बाद यात्री को एक भुगतान पर्ची दी जाएगी, जिसे टैक्सी चालक को दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बाद चालक यात्री को तय गंतव्य तक पहुंचाएगा। यात्रा पूरी होने के बाद चालक उस पर्ची को काउंटर पर जमा कर भुगतान प्राप्त करेगा। इससे किराए को लेकर होने वाले विवादों और असुविधा से यात्रियों को राहत मिलेगी।
यह सेवा शिमला शहर के भीतर 26 अलग-अलग स्थानों को कवर करेगी। इसके अलावा चंडीगढ़ शहर और चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी इस सेवा में शामिल किए गए हैं। इस योजना के तहत कुल 115 टैक्सियों का संचालन टैक्सी यूनियन के माध्यम से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल पारदर्शिता और सुरक्षा को बढ़ावा देगी। किराया दरें परिवहन विभाग द्वारा अधिसूचित की गई हैं, जिससे यात्रियों को पहले से तय किराए की सुविधा मिलेगी और मनमाने किराए की शिकायतों पर रोक लगेगी। इससे पर्यटकों और स्थानीय निवासियों दोनों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्री-पेड टैक्सी के नए किराए
परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आईएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ सिटी तक प्री-पेड टैक्सी का किराया 3000 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अधिकतम किराया 5000 रुपये तक लिया जा सकेगा।
वहीं आईएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक का किराया 3500 रुपये तय किया गया है और इसका अधिकतम किराया 5500 रुपये निर्धारित किया गया है। परिवहन विभाग के अनुसार यह दरें प्वाइंट-टू-प्वाइंट आधार पर तुरंत प्रभाव से लागू होंगी।



