➤ प्रदेश के कई हिस्सों में अगले छह दिन बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान
➤ चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में अंधड़ व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट
➤ बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 12 डिग्री अधिक दर्ज
शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में लगातार छह दिन तक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जिलों में तेज अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और कांगड़ा के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं राजधानी शिमला में हल्के बादलों के बीच धूप देखने को मिली। दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 12 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3 से 9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जिससे दिन के समय गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।
प्रमुख स्थानों का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस)
शिमला 14.5, सुंदरनगर 13.6, भुंतर 12.0, कल्पा 6.1, धर्मशाला 12.6, ऊना 14.2, नाहन 15.7, केलांग 4.8, पालमपुर 15.5, सोलन 11.0, मनाली 11.9, कांगड़ा 17.0, मंडी 14.3, बिलासपुर 15.5, जुब्बड़हट्टी 15.8, कुफरी 9.9, कुकुमसेरी 3.4, सेऊबाग 12.5, बरठीं 13.9, पांवटा साहिब 18.0, सराहन 9.4, देहरा गोपीपुर 18.0, ताबो 2.2 और नेरी में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में आने वाला बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री और अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
इन दिनों बरसेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार
-
10 और 13 मार्च को ऊंचे पहाड़ों पर कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी
-
11, 12, 14 और 16 मार्च को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी
-
15 मार्च को ऊंचे व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के आसार
इसके अलावा चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 11, 12 और 14 मार्च को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है।



