➤ मंडी के सरकाघाट में मोबाइल को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा
➤ गुस्साई पत्नी ने पति पर उबलता दूध फेंका, 15 प्रतिशत तक झुलसा
➤ पुलिस ने पत्नी के खिलाफ BNS धारा 125 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में एक चौंकाने वाली घरेलू घटना सामने आई है। यहां सरकाघाट उपमंडल के जमनौण गांव में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्साई पत्नी ने अपने ही पति पर उबलता हुआ दूध फेंक दिया। इस घटना में पति धर्मपाल (36) का चेहरा और शरीर का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार की है। बताया जा रहा है कि महिला काफी देर से मोबाइल फोन चला रही थी। इसी दौरान उसके पति धर्मपाल ने उसे बार-बार मोबाइल चलाने से रोका। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झगड़े के दौरान महिला गुस्से में रसोई में गई और वहां रखा उबलता हुआ दूध उठाकर अपने पति पर फेंक दिया। गर्म दूध पड़ते ही धर्मपाल के चेहरे, छाती और पेट पर गंभीर जलन हो गई। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टरों के अनुसार धर्मपाल के शरीर का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा झुलसा है। उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और महिला नीना कुमारी को पूछताछ के लिए हटली थाना बुलाया। पुलिस ने पति की शिकायत के आधार पर पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें नीना कुमारी ने अपने पति धर्मपाल के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि नीना कुमारी गृहिणी है, जबकि धर्मपाल मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पड़ोसियों और परिवार के अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



