➤ खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर नादौन की बजाय ऊना में उतारा गया
➤ पुलिस लाइन झलेड़ा मैदान में सुरक्षित लैंडिंग, कुछ देर बाद नादौन के लिए रवाना
➤ नादौन कॉलेज के कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, लोगों की समस्याएं भी सुनीं
ऊना। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हेलीकॉप्टर को गुरुवार को खराब मौसम के कारण एहतियातन ऊना में उतारना पड़ा। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन झलेड़ा मैदान में सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री कुछ समय के लिए यहां रुके और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शिमला से अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन (जिला हमीरपुर) के दौरे के लिए रवाना हुए थे। उनका सुबह करीब 11:20 बजे अमतर (नादौन) में हेलीकॉप्टर से उतरने का कार्यक्रम तय था। हालांकि उड़ान के दौरान आगे के क्षेत्र में मौसम खराब होने की सूचना मिलने पर सुरक्षा कारणों से हेलीकॉप्टर को ऊना में ही उतारने का फैसला लिया गया।
बताया जा रहा है कि शिमला से उड़ान भरने के बाद चंडीगढ़ तक मौसम सामान्य था, लेकिन नादौन क्षेत्र में मौसम खराब होने की सूचना मिलने के बाद पायलट और सुरक्षा अधिकारियों ने एहतियातन ऊना में लैंडिंग कराई। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की यह लैंडिंग पुलिस लाइन झलेड़ा स्थित मैदान में सुरक्षित तरीके से की गई।
कुछ समय बाद जब नादौन क्षेत्र में मौसम साफ होने की सूचना मिली, तो हेलीकॉप्टर को ऊना से दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री नादौन कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी जन समस्याएं भी सुनीं।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम सेरा स्थित विश्राम गृह में निर्धारित है। वहीं शुक्रवार को उनका ऊना जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने का कार्यक्रम भी तय है।
इस संबंध में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि नादौन क्षेत्र में खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर एहतियातन ऊना में उतारा गया था। मौसम में सुधार होने के बाद हेलीकॉप्टर यहां से नादौन के लिए रवाना कर दिया गया।



