Follow Us:

हिमाचल में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी, होटल कारोबार पर असर; सरकार बोली – घरेलू LPG की कमी नहीं, पैनिक न करें

हिमाचल में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी, होटल कारोबार पर असर
विभाग ने कहा – घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की जरूरत नहीं
लोगों से अपील – पैनिक में एडवांस बुकिंग न करें, जरूरत अनुसार ही गैस लें


शिमला। अंतरराष्ट्रीय हालातों के बीच हिमाचल प्रदेश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी देखने को मिल रही है। हालांकि प्रदेश सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने साफ किया है कि घरेलू रसोई गैस की फिलहाल कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालातों के कारण देशभर में कमर्शियल LPG की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसका असर अब हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है।

कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से प्रदेश का पर्यटन और होटल कारोबार प्रभावित होने लगा है। हिमाचल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहिंदर कुमार सेठ ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर इस समस्या पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि पिछले दो दिनों से कमर्शियल LPG सिलेंडर नहीं मिल रहे, जिससे होटलों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने कहा कि यदि जल्द कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए गए तो एक-दो दिन में कई होटलों को बंद करने की नौबत आ सकती है। होटल उद्योग से जुड़े लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से जल्द आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

उधर, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम ने लोगों से अपील की है कि घबराहट में गैस की एडवांस बुकिंग न करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और सप्लाई भी नियमित रूप से मिल रही है

उन्होंने बताया कि घबराहट के कारण लोग बड़ी संख्या में एडवांस बुकिंग कर रहे हैं, जिससे गैस एजेंसियों की वेबसाइट पर भी दबाव बढ़ गया और कुछ समय के लिए बुकिंग सिस्टम प्रभावित हुआ। फिलहाल 25 दिन के अंतराल के बाद ही नया घरेलू सिलेंडर दिया जा रहा है

कमर्शियल सिलेंडरों को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देश अनुसार पहले स्वास्थ्य और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके बाद उपलब्धता के अनुसार अन्य निजी व्यावसायिक संस्थानों को सिलेंडर दिए जा रहे हैं। विभाग पूरे हालातों पर लगातार नजर बनाए हुए है