➤ पालमपुर में भाजपा की विशेष बैठक, नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना
➤ कांग्रेस को षड्यंत्रकारी पार्टी बताते हुए भाजपा ने हर साजिश का पर्दाफाश करने का किया दावा
➤ मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने पर जोर
पालमपुर में भारतीय जनता पार्टी की एक विशेष बैठक का आयोजन जिला भाजपा कार्यालय में किया गया। बैठक में संगठन की रणनीति, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन परमार, वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, प्रदेश सचिव तिलक राज, पुरुषोत्तम गुलेरिया, पवन काजल और जिला अध्यक्ष रागिनी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस एक षड्यंत्रकारी पार्टी है और भाजपा उनके हर षड्यंत्र का पर्दाफाश करने का काम करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा जनता को गुमराह करने की राजनीति करती रही है और उसके नेता केवल एक ही परिवार के इर्द-गिर्द घूमते रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित और विचारधारा को सर्वोपरि मानते हुए जनता के बीच काम कर रहे हैं और कांग्रेस की वास्तविकता को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश के विकास के लिए जो सिद्धांत और मानक तय किए थे, उसी मार्ग पर चलते हुए देश की संस्थाएं और सरकारें कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। उन्होंने धारा 370 के निरसन का उल्लेख करते हुए इसे देश को एक सूत्र में पिरोने की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि आज भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2027 तक विकसित भारत का लक्ष्य देश के नागरिकों के सामने एक नई उम्मीद के रूप में उभर रहा है।
विपिन परमार ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं को केवल संख्या के आधार पर नहीं बल्कि विचार और ज्ञान के आधार पर सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। ऐसी बैठकों और कार्यशालाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन के उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण के लक्ष्यों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर भाजपा सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को समानता और सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कदम उठाया है।
बैठक में संबोधन देते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि जब से देश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से देश की दिशा और दशा दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, वंचितों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के लगभग 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़े वर्गों के अधिकारों को मजबूत किया गया है और केंद्र सरकार में लगभग 60 प्रतिशत मंत्री एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग से आते हैं।
डॉ. सिकंदर कुमार ने आगे बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 15 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल कनेक्शन पहुंचाया गया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक सहायता दी गई है। कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान 20 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में सीधे नकद सहायता भी प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि एकलव्य आवासीय विद्यालयों की संख्या वर्ष 2014 के बाद चार गुना से अधिक बढ़ाई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक घर बनाकर गरीबों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से 52.5 करोड़ से अधिक ऋण देकर छोटे उद्यमियों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया गया है।
इसके अलावा स्टैंड अप इंडिया योजना के तहत अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लाभार्थियों को 14,700 करोड़ रुपये से अधिक ऋण प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश के 112 आकांक्षी जिलों में विकास के कई मापदंडों पर उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उन्हें जमीनी स्तर तक पहुंचाकर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है।



