Follow Us:

हरोली कॉलेज के वार्षिक समारोह में उप मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

हरोली कॉलेज के वार्षिक समारोह में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
शिक्षा के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का दिया संदेश
कॉलेज लाइब्रेरी के लिए 12 लाख और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 51 हजार देने की घोषणा


ऊना जिले के हरोली स्थित प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज में आयोजित पांचवें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना भी अत्यंत आवश्यक है, ताकि विद्यार्थी अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को बेहतर तरीके से समझ सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करें। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन, समय का सही उपयोग और लगातार प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं।

उप मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को समय-समय पर मंदिरों, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाएं, ताकि उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों और विरासत को समझने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को समाज और संस्कृति से भी जोड़ा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हरोली विधानसभा क्षेत्र को विकसित, शिक्षित और समृद्ध क्षेत्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र के विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बढ़ेडा क्षेत्र से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने वाली कई बेटियाँ देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में सेवाएं दे रही हैं, जबकि कानून की पढ़ाई करने वाले युवा न्यायाधीश और अधिवक्ता बनकर क्षेत्र का गौरव बढ़ा रहे हैं

उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि हरोली में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं, जो क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की विभिन्न पेयजल योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इन योजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ होगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में अपराधियों की पहचान और कानूनी कार्रवाई तेजी से हो सके

समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने हरोली कॉलेज की लाइब्रेरी के लिए 12 लाख रुपये देने की घोषणा भी की, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, प्रिंसिपल प्रो. राजिंदर कुमार, हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के चेयरमैन राकेश कौशल, संदीप अग्निहोत्री और पूर्व प्रधान रमन कुमारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।