➤ हिमाचल में 15 मार्च से मौसम बदलेगा, कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना
➤ 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने का भी अलर्ट
➤ अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 6 डिग्री तक गिर सकता है, ठंड बढ़ने के आसार
शिमला: हिमाचल प्रदेश में रविवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में आज से बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 15 और 16 मार्च को कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
वहीं, 17 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम साफ रह सकता है। इसके बाद 18 और 19 मार्च को फिर से कई क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इन दिनों 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 20 मार्च के बीच मध्य और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, निचले और मैदानी इलाकों में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश दर्ज होने के आसार हैं।
मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड बढ़ेगी। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी 4 से 7 डिग्री तक कमी दर्ज होने का अनुमान है।



