Follow Us:

अनुराग ठाकुर की टीम को दिल्ली पुलिस ने 12 रन से हराया

 

टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए सांसदों और दिल्ली पुलिस के बीच मैत्री क्रिकेट मैच
अनुराग ठाकुर की कप्तानी वाली सांसद टीम को दिल्ली पुलिस ने 12 रन से हराया
टीबी के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नेशनल स्टेडियम में हुआ आयोजन


नई दिल्ली। टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को नेशनल स्टेडियम, दिल्ली में सांसदों और दिल्ली पुलिस अधिकारियों के बीच एक रोमांचक मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। इस खास मुकाबले की अगुवाई पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सांसदों की टीम की कप्तानी करते हुए की, जबकि दिल्ली पुलिस की टीम की कमान कमिश्नर सतीश गोलचा ने संभाली। कड़े मुकाबले में दिल्ली पुलिस की टीम ने सांसदों की टीम को 12 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस मैच का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर भी किया गया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में सांसदों की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया, लेकिन लक्ष्य से थोड़ा पीछे रह गई। अनुराग सिंह ठाकुर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 52 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम 212 रन तक ही पहुंच सकी और मुकाबला 12 रन से हार गई। दोनों टीमों के बीच हुए इस मुकाबले में 400 से अधिक रन बने, जिसने मैच को बेहद रोमांचक बना दिया।

मैच के बाद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि टीबी मुक्त भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है और इस बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि टीबी एक ऐसी बीमारी है जो किसी भी व्यक्ति को हो सकती है, इसलिए इसके खिलाफ समाज को जागरूक करना आवश्यक है। ठाकुर ने बताया कि “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” अभियान के तहत देश के कई शहरों में इस तरह के क्रिकेट मैच आयोजित किए जा चुके हैं और आगे भी देश के कोने-कोने में जाकर इस अभियान को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भले ही उनकी टीम मैच हार गई, लेकिन इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सफल रहा है। उनका कहना था कि मैदान में खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ खेल सकते हैं, लेकिन असली लड़ाई टीबी जैसी बीमारी के खिलाफ है। उन्होंने इस अभियान में भाग लेने वाले सभी सांसदों और दिल्ली पुलिस अधिकारियों का आभार जताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत की संसद 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करती है और जनप्रतिनिधियों के अनुभव का लाभ समाज को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2025 तक टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए ऐसे आयोजनों से जागरूकता फैलाने में बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने इस पहल के लिए अनुराग सिंह ठाकुर और इस मैच में भाग लेने वाले सभी सांसदों व पुलिस अधिकारियों को बधाई दी।

मैच के समापन पर खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए बीसीसीआई उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि नेता और पुलिस अधिकारियों के बीच इस तरह का मैच आयोजित करने की सोच बेहद प्रभावी और दूरदर्शी है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए दोनों वर्ग एक मंच पर आए हैं।

वहीं सीसीआई अध्यक्ष और वरिष्ठ सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि अनुराग ठाकुर हर बार ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण संदेश देने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि इस मैच का असली उद्देश्य हार-जीत नहीं बल्कि देश को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प मजबूत करना है।