Follow Us:

हिमाचल के पहाड़ों पर बर्फबारी, मनाली में सैंकड़ो टूरिस्‍ट फंसे, इलाकों में बारिश

➤ डेढ़ महीने बाद टूटा ड्राई स्पेल, कई जिलों में बारिश और ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी
➤ शिमला-कुफरी में ओलावृष्टि, 24 घंटे में औसत तापमान 6.2 डिग्री तक गिरा
➤ मनाली में भारी बर्फबारी से करीब 1000 वाहन फंसे, पुलिस और एजेंसियां रेस्क्यू में जुटीं


हिमाचल प्रदेश में करीब डेढ़ महीने से जारी ड्राई स्पेल रविवार को टूट गया। दोपहर बाद राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई।

राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल कुफरी में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से प्रदेश में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को पिछले दिनों की गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इससे पहले यह सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक चल रहा था।

जिलों की बात करें तो ऊना में तापमान सबसे ज्यादा 10.2 डिग्री तक गिरकर 23.4 डिग्री, कसौली में 10.1 डिग्री गिरकर 13.3 डिग्री, चंबा में 9.8 डिग्री गिरकर 16.7 डिग्री, मनाली में 6.6 डिग्री गिरकर 15 डिग्री और शिमला में 5.5 डिग्री की गिरावट के बाद 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मनाली में बर्फबारी से 1000 वाहन फंसे

इसी बीच मनाली के साउथ पोर्टल क्षेत्र के पास अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण करीब एक हजार से अधिक वाहन बर्फ में फंस गए। पुलिस और प्रशासन की टीम पिछले कई घंटों से मौके पर तैनात है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

डीएसपी मनाली केडी शर्मा खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी वाहनों और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से मनाली की ओर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बर्फ हटाने के लिए मिट्टी और यूरिया का इस्तेमाल

सड़क पर जमी मोटी बर्फ को हटाने के लिए बीआरओ और अन्य एजेंसियों की मदद ली जा रही है। बर्फ को जल्दी पिघलाने और सड़क साफ करने के लिए मिट्टी डालने के साथ जरूरत पड़ने पर यूरिया खाद का इस्तेमाल भी किया जा रहा है, ताकि फंसे वाहनों को सुरक्षित निकाला जा सके।

पुलिस ने सभी यात्रियों और स्थानीय लोगों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

अगले 6 दिन खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है। सोमवार को भी कई जिलों में बारिश की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 18 मार्च से वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 18 से 20 मार्च के बीच अच्छी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

विभाग ने 21 मार्च तक लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है।