➤ मोबाइल फोन न मिलने से नाराज 13 वर्षीय बच्चे ने फंदा लगाकर दी जान
➤ पढ़ाई का हवाला देकर माता ने मोबाइल देने से किया था मना
➤ पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, जांच जारी
हिमाचल प्रदेश में एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है। मोबाइल फोन न मिलने से नाराज 13 वर्षीय बच्चे ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार आरएच अस्पताल बिलासपुर से थाना सदर पुलिस को सूचना मिली कि एक बच्चे को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल बिलासपुर लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक की पहचान सचिन (13) पुत्र सतवीर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सचिन अपनी माता से मोबाइल फोन देने की जिद कर रहा था। उस समय उसकी परीक्षाएं चल रही थीं, इसलिए उसकी माता ने पढ़ाई का हवाला देते हुए उसे मोबाइल देने से मना कर दिया।
बताया गया कि मोबाइल न मिलने से वह नाराज हो गया और कुछ देर बाद अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान उसने माता की साड़ी को कमरे में लगे कुंडे से बांधकर फंदा लगा लिया। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को शक हुआ।
जब परिजन कमरे में पहुंचे तो वह फंदे से लटका हुआ मिला। परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर जिला अस्पताल बिलासपुर ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू की और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद बच्चे ने यह कदम उठाया।
इस घटना ने समाज में बच्चों में बढ़ती मोबाइल निर्भरता और मानसिक दबाव को लेकर नई चिंता भी खड़ी कर दी है।



