➤ मुख्यमंत्री का आरोप, भाजपा की आंतरिक गुटबाजी से कमजोर हुआ विपक्ष
➤ जयराम ठाकुर पर निशाना, गलत तथ्यों से सरकार को घेरने की कोशिश
➤ ODI अधिकारियों पर कार्रवाई और योजनाओं पर सरकार का बचाव
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन राजनीतिक माहौल गर्म रहा। सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। इसके जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन के बाहर पलटवार करते हुए भाजपा पर आंतरिक गुटबाजी का आरोप लगाया और कहा कि इसी कारण नेता प्रतिपक्ष तनाव में हैं और केवल विरोध जताने के लिए गलत तथ्य पेश कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राकृतिक खेती योजना के तहत इस वर्ष फसलों की खरीद शुरू की गई है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि वर्तमान सरकार ने हिमकेयर योजना में 1000 करोड़ रुपये और सहारा योजना में 202 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जबकि पूर्व सरकार ने हिमकेयर में केवल 202 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि गुटबाजी के कारण विपक्ष प्रभावी भूमिका नहीं निभा पा रहा है। इसके साथ ही पूर्व सरकार पर आरोप लगाया कि करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से अनुपयोगी भवन बनाए गए, जिससे ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया गया।
आर्थिक मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार को 70,000 करोड़ रुपये RDG और GST मुआवजे के रूप में मिले थे, जबकि वर्तमान सरकार को केवल 17,000 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं।
राजनीतिक बदले की भावना से मुकदमे दर्ज करने के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी की आय 10 लाख रुपये है और वह 1 करोड़ रुपये की कमाई दिखाता है, तो उसकी जांच होना स्वाभाविक है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात ODI अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं और इस पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
ड्रेस कोड विवाद पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने कोई नया सख्त ड्रेस कोड लागू नहीं किया है, बल्कि सिर्फ शालीन और औपचारिक पहनावे की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि 2021 के पुराने निर्देशों को ही लागू किया गया है और कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर अनावश्यक गतिविधियों से बचने के लिए कहा गया है।



