Follow Us:

पूर्व मंत्री के आरोपों पर भारी पड़े आरएस बाली के आंकड़े, बताया असली ‘होमवर्क’

तथ्यों के साथ आरएस बाली का पलटवार

पर्यटन को लेकर विपक्ष का होमवर्क फेल

वैश्विक पटल पर एचपीटीडीसी की गूंज


हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के अध्यक्ष और नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली एक अलग ही तेवर में नजर आए। सदन में जब  पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने पर्यटन विभाग और एचपीटीडीसी पर देश के बड़े ट्रेड फेयर में हिस्सा न लेने के आरोप लगाए, तो आरएस बाली ने आंकड़ों और तथ्यों की ऐसी झड़ी लगाई कि विपक्ष निरुत्तर हो गया।

आरएस बाली ने अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए साफ किया कि बिना होमवर्क और तथ्यों के टिप्पणी करना तर्कसंगत नहीं है। बिक्रम सिंह ने आरोप लगाया था कि अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े पर्यटन मेलों में हिमाचल की मौजूदगी ‘जीरो’ रही। इस पर पलटवार करते हुए आरएस बाली ने सदन के पटल पर उन सभी शहरों की सूची रख दी, जहाँ पिछले दो वर्षों में एचपीटीडीसी ने न केवल शिरकत की, बल्कि हिमाचल के पर्यटन का प्रभावी ढंग से प्रचार भी किया।

बाली ने रिकॉर्ड पर जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच बैंगलोर, ग्रेटर नोएडा, चेन्नई, जयपुर, अहमदाबाद, हैदराबाद, रायपुर, भुवनेश्वर, वाराणसी, पुणे, और मुंबई जैसे दर्जनों शहरों में आयोजित ITM (इंडिया इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट) और TTF (ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर) में निगम ने पूरी मजबूती से भाग लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह तथ्यों से परे और भ्रामक हैं।

निजी ऑपरेटरों के मुद्दे पर भी आरएस बाली ने बेहद सकारात्मक और सुलझा हुआ पक्ष रखा। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले साल कुछ तकनीकी कारणों से निजी होटल संचालकों को दी जाने वाली सब्सिडी में अड़चन आई थी, लेकिन वह इसे लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से निरंतर संपर्क में हैं। बाली का यह आत्मविश्वास दर्शाता है कि वह न केवल सरकारी तंत्र को बखूबी चला रहे हैं, बल्कि पर्यटन उद्योग से जुड़े हर छोटे-बड़े स्टेकहोल्डर के हितों के प्रति भी गंभीर हैं।