➤ पंचायत चुनाव से पहले सरकार ने 8 IAS, 1 IFS और 8 HPAS अधिकारियों के तबादले किए
➤ संदीप कुमार बने कांगड़ा के डिविजनल कमिश्नर, कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां
➤ मुख्य सचिव Sanjay Gupta ने जारी किए आदेश
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव से पहले सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 8 आईएएस, 1 आईएफएस और 8 एचपीएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं। इस संबंध में मुख्य सचिव Sanjay Gupta ने मंगलवार शाम को आदेश जारी किए। इस कदम को चुनाव से पहले प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है।
जारी आदेशों के मुताबिक, आईएएस अधिकारी संदीप कुमार को कांगड़ा का डिविजनल कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं दुनी चंद राणा को एचपीएमसी का प्रबंध निदेशक (MD) बनाया गया है और उन्हें एग्रो इंडस्ट्री व एग्रो इंडस्ट्री पैकेजिंग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। राम कुमार गौतम को एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड का एमडी नियुक्त किया गया है, जबकि उनके कार्यभार संभालने के बाद हेमिस नेगी इस पद से मुक्त हो जाएंगे।
सरकार ने कुमुद सिंह को सिविल सप्लाई विभाग का डायरेक्टर नियुक्त किया है। इसके अलावा विनय सिंह को हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। मनीष कुमार को शिमला डिवीजन का सेटलमेंट ऑफिसर और अक्षय सूद को कांगड़ा डिवीजन में सेटलमेंट ऑफिसर की जिम्मेदारी दी गई है।
आईएफएस अधिकारी पुष्पेंद्र राणा को पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें डायरेक्टर आपदा प्रबंधन और स्टेट काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी एंड एनवायरमेंट के सदस्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।
एचपीएएस अधिकारियों में श्रवन कुमार को हिमाचल प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन का कार्यकारी निदेशक बनाया गया है, जबकि सचिन कनवाल उनके अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे। रमन घर्सांघी को धर्मशाला में एसपीवी के तहत जनरल मैनेजर (पर्सनल) नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा द्विज गोयल को पांवटा साहिब में एसडीएम (सिविल), मनमोहन सिंह को एसी टू डीसी चंबा, कृष्ण कुमार शर्मा को सरकाघाट में एसडीएम, गुंजीत सिंह चीमा को मनाली में एसडीएम और रमन कुमार शर्मा को कफोटा (सिरमौर) में एसडीएम नियुक्त किया गया है।
सरकार ने आकांक्षा शर्मा को कुल्लू में भूमि अधिग्रहण अधिकारी और राजिंदर कुमार गौतम को डिजिटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस विभाग में जॉइंट डायरेक्टर नियुक्त किया है। वहीं एसी टू डीसी चंबा अपराजिता चंदेल, जो मेटरनिटी लीव पर थीं, उन्हें सचिवालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय में किया गया है जब राज्य में पंचायत चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में सरकार का यह कदम प्रशासनिक मशीनरी को मजबूत और चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।



