Follow Us:

हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, 3 दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, कई जिलों में अंधड़ की चेतावनी

तीन दिन तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने के आसार
कई जिलों में 30-40 किमी रफ्तार से अंधड़ का येलो अलर्ट जारी
हालिया बारिश से कई सड़कें बंद, 335 गांवों में बिजली बाधित


हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। India Meteorological Department के अनुसार राज्य में अगले तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले व मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 26 और 28 मार्च को किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मुरारी देवी में 27 मिमी, सुंदरनगर 15.2, जोगिंद्रनगर 15.0, भरमौर 11.0 और मनाली, चंबा व मंडी में 7-7 मिमी बारिश हुई। वहीं केलांग और कुकुमसेरी में बर्फबारी भी दर्ज की गई। सोमवार रात को अटल टनल, रोहतांग दर्रा, शिंकुला और बारालाचा दर्रे सहित ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई।

मंगलवार को राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। पर्यटकों ने सोलंगनाला, अटल टनल, सिस्सू और जलोड़ी दर्रे में बर्फबारी का आनंद लिया। हालांकि कई क्षेत्रों में अब भी जनजीवन पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है।

बारिश-बर्फबारी के चलते कई सड़कों के बंद होने से आवाजाही प्रभावित हुई है। चंबा जिले में चार मार्ग बंद हैं, जबकि 67 ट्रांसफार्मर ठप होने से करीब 335 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है। प्रशासन द्वारा सड़कों और बिजली व्यवस्था को बहाल करने का काम जारी है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 24, 26 और 27 मार्च को हल्की बारिश-बर्फबारी, जबकि 28 से 30 मार्च के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 25 मार्च को मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

तापमान की बात करें तो शिमला में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री, मनाली 3.9, धर्मशाला 7.2 और कुकुमसेरी में 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री और अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार हैं।

मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की सलाह का पालन करें।