Follow Us:

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मनाया 63वां जन्मदिन, ओक ओवर में जुटी भीड़

➤ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मनाया 63वां जन्मदिन, ओक ओवर में जुटी भीड़
➤ मंत्रियों-विधायकों और समर्थकों ने दी बधाई, नाटी डालकर मनाया जश्न
➤ सीएम बोले- प्रदेश आर्थिक सुधार की राह पर, 4 माह में दिखेगा बदलाव



हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को अपना 63वां जन्मदिन उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। इस मौके पर शिमला स्थित सरकारी आवास ओक ओवर में सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से समर्थक, कांग्रेस नेता और आम लोग मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने पहुंचे, जिससे पूरा परिसर जश्न के माहौल में डूबा नजर आया।

जन्मदिन के अवसर पर कैबिनेट मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों ने भी ओक ओवर पहुंचकर मुख्यमंत्री को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी और विधायक कमलेश ठाकुर की मौजूदगी में केक काटा। इस दौरान पारंपरिक अंदाज में मुख्यमंत्री और उनके समर्थकों ने नाटी डालकर खुशी का इजहार किया, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया।

इस खास दिन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य संदेश के साथ की। सचिवालय कर्मियों द्वारा आयोजित मैराथन में भाग लेकर उन्होंने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इसके बाद दिनभर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस मौके पर प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अब आर्थिक समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आने वाले चार महीनों में स्थिति में और सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने हाल ही में पेश किए गए बजट को प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम बताया और कहा कि इसमें समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।,

मुख्यमंत्री ने अपने जीवन के संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि उनका जीवन हमेशा चुनौतियों से भरा रहा है, लेकिन उन्हें संघर्षों का सामना करना पसंद है और यही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।