Follow Us:

हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, रोहतांग पर बर्फबारी 31 मार्च तक बारिश-बर्फबारी का दौर, अलर्ट जारी

➤ रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी, ठंड बढ़ी
➤ 28 से 31 मार्च तक बारिश-बर्फबारी का दौर, येलो अलर्ट जारी
➤ कई जिलों में अंधड़ के आसार, तापमान में 3-6 डिग्री तक गिरावट संभव



हिमाचल प्रदेश में दो दिन के साफ मौसम के बाद एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। गुरुवार दोपहर बाद से रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया, जिससे कुल्लू और लाहौल घाटी में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ताजा बर्फबारी के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रदेश में 50 से अधिक सड़कें अब भी बंद पड़ी हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि 28 से 31 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। खासतौर पर 29 और 30 मार्च को मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। इस दौरान किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य जिलों में अंधड़ का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

विभाग ने बताया कि 1 अप्रैल को भी मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी जारी रह सकती है। वहीं विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार 3 से 9 अप्रैल के बीच भी कई दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है। लगातार बदलते मौसम के चलते प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट और अधिकतम तापमान में भी 2 से 6 डिग्री तक कमी आ सकती है।

राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री, धर्मशाला 6.8, मनाली 9.5 और कुकुमसेरी में 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ऊना और नेरी जैसे मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहा, जिससे प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।

मौसम के इस बदलाव का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर दिल्ली से आने वाली फ्लाइट करीब दो घंटे की देरी से पहुंची, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी फ्लाइट से आने वाले सांसद अनुराग ठाकुर भी समय पर नहीं पहुंच सके।

फिलहाल प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।