➤ मंडी में पति-पत्नी चिट्टे के साथ गिरफ्तार, पंजाब से लौटते पकड़े गए
➤ तीन महीने के मासूम को घर छोड़कर नशा लेने गए थे दोनों आरोपी
➤ पुलिस को तस्करी के शक, कॉल रिकॉर्ड और नेटवर्क की जांच तेज
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया है। सुंदरनगर-डैहर क्षेत्र के अलसू चौक पर पुलिस ने शनिवार शाम को इस दंपती को पकड़ा। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों लंबे समय से नशे के आदी हैं और अक्सर पंजाब से चिट्टा लाकर उसका सेवन करते थे।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह दंपती अपने तीन महीने के मासूम बच्चे को दादा-दादी के पास छोड़कर पंजाब नशा लेने गया था। परिवार पहले से ही इनकी हरकतों से परेशान था। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने नशे की लत के चलते अपने माता-पिता के गहने तक गिरवी रख दिए।
पुलिस जांच में अब यह भी सामने आ रहा है कि यह मामला केवल नशा सेवन तक सीमित नहीं हो सकता। पुलिस को शक है कि दोनों चिट्टे की तस्करी में भी शामिल हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उनके कॉल रिकॉर्ड और लोकल कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके संपर्क किन-किन लोगों से हैं और क्या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं।
दूसरी ओर, इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। कलोहड़ पंचायत के लोगों ने सरकार से मांग की है कि ऐसे आरोपियों को जमानत न दी जाए, क्योंकि कई मामलों में देखा गया है कि आरोपी जेल से छूटकर दोबारा इसी अवैध धंधे में लग जाते हैं। पंचायत स्तर पर पहले भी सख्ती बरती गई थी, जिससे कुछ समय के लिए नशे पर लगाम लगी थी, लेकिन अब फिर से यह समस्या बढ़ती नजर आ रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है, ताकि नशे के इस जाल को पूरी तरह तोड़ा जा सके।



