Follow Us:

कालका-शिमला ट्रैक पर मई से दौड़ेगी समर स्पेशल ट्रेन

➤ कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर मई से चलेगी समर स्पेशल ट्रेन
➤ बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग के चलते रेलवे ने लिया फैसला
➤ जुलाई अंत तक सैलानियों को मिलेगी अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा


हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक पर इस बार गर्मियों में सैलानियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। रेलवे विभाग मई महीने से समर स्पेशल ट्रेन शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। पिछले साल समरहिल में पुल निर्माण कार्य के कारण यह सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई थी, लेकिन इस बार पर्यटन सीजन को देखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।

गर्मियों की छुट्टियों के दौरान शिमला आने वाले सैलानियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौजूदा समय में कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है, जिससे यात्रियों को टिकट मिलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को देखते हुए उत्तर रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। अधिकारियों के अनुसार, 15 मई के बाद इस स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया जा सकता है और यह सुविधा जुलाई के अंत तक जारी रहेगी।

कालका-शिमला रेलमार्ग अपनी खूबसूरती और रोमांचक सफर के लिए दुनियाभर में मशहूर है। इस ट्रैक पर सफर के दौरान यात्रियों को 103 सुरंगों, 869 पुलों और 919 घुमावदार मोड़ों से गुजरना पड़ता है, जो इसे बेहद खास बनाते हैं। इनमें बड़ोग स्टेशन के पास स्थित सबसे लंबी सुरंग (नंबर 33) विशेष आकर्षण का केंद्र है।

रेलवे वर्तमान में इस रूट पर हिमालयन क्वीन, शिवालिक डीलक्स और कालका-शिमला एक्सप्रेस समेत पांच ट्रेनों का संचालन कर रहा है, लेकिन बढ़ती मांग के कारण ये सभी ट्रेनें पूरी तरह पैक चल रही हैं। इसके अलावा, पर्यटकों की मांग पर रेल मोटर कार और चार्टर्ड ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही समर स्पेशल ट्रेन के समय, किराया और शेड्यूल की घोषणा कर दी जाएगी। इस पहल से न केवल सैलानियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन उद्योग को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।